नौतनवा। स्थानीय कस्बे के बिस्मिल नगर वार्ड निवासी शुभम उर्फ विकास प्रजापति नाम के युवक द्वारा जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है।
बुधवार की सुबह परिजन उसका अंतिम संस्कार करने जा रहे थे। तभी पुलिस ने अर्थी से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों में चर्चा है कि वह कसीनो में रुपये हारने के बाद कुछ दिनों से अवसाद में था।
जानकारी के मुताबिक, कस्बे के बिस्मिल नगर वार्ड निवासी पूनम देवी के पति अशोक की कुछ वर्ष पहले मृत्यु हो गई। इसके बाद वह अपने बच्चों के साथ रहती थीं। शुभम उर्फ विकास प्रजापति तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। बहन मनीषा और भाई आकाश उससे बड़े हैं। शादी के बाद बड़ी बेटी मनीषा गोरखपुर अपने ससुराल में रहती है। बेटा आकाश शादी के बाद नौतनवा में ही कपड़े की दुकान पर नौकरी करता है। शुभम उर्फ विकास कस्बे में ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था।
ग्रामीणों के अनुसार, शुभम उर्फ विकास कुछ दिनों से कसीनो जाने का आदी हो गया था। वह जो भी कमाता था उस पैसे को कसीनो में गंवा देता था। कुछ दिनों पहले वह कुछ पैसे हार गया था, जिससे एक सप्ताह से वह अवसाद में था। मंगलवार की देर शाम अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने उसे इलाज के लिए पास के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया तो जहरीला पदार्थ खाने की बात सामने आई। इलाज के दौरान ही बुधवार को भोर में उसकी मौत हो गई।
जानकारी होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन में युवक का अंतिम संस्कार करने के लिए जा रहे थे। इसी बीच किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस फोर्स पहुंच गई। परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने को तैयार नहीं थे। काफी समझाने-बुझाने के बाद परिजन राजी हुए। इसके बाद पुलिस ने शव को अर्थी से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।