कोल्हुई। थाना क्षेत्र के इलाहावास गांव के टोला फाहिमाबाद में रविवार की रात बल्ब लगाते समय करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, फाहिमाबाद निवासी लवकुश (29) रविवार रात में अपने कमरे में बल्ब लगा रहा था।
इसी दौरान करंट लगने से वह जमीन पर गिर गया। कुछ देर बीतने के बाद जब घर वालों की उसके ऊपर निगाह गई, तो लोग उसे जमीन पर सोया हुआ जानकर जगाने की कोशिश करने लगे। फिर भी उसके शरीर में कोई हरकत नहीं देखकर घर में चीख पुकार मच गई। इस पर गांव के लोग भी एकत्रित हुए और उसे एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
जवान बेटे की मौत से पिता बेसुध हैं तो पत्नी का रो रोकर बुरा हाल है। अगल-बगल के लोग सांत्वना देने पहुंच रहे हैं, लेकिन परिजनों का रोना देख सबकी आंख में आंसू आ जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई में जुट गई। एसआई शाहनवाज खान के अनुसार, जांच रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद