निचलौल/मिठौरा। सिंदुरिया थाना क्षेत्र के भेड़िया गांव के 25 साल के यू ट्यूबर के वीडियो देख मुजफ्फरपुर की रहने वाली 22 साल की एक युवती एकतरफा प्यार करने लगी और बुधवार को अचानक युवक के घर पहुंच गई। यहां वह युवक पर शादी के लिए दबाव बनाने लगी। शादी से इंकार करने पर युवती अचानक अचेत हो गई। चर्चा उठी कि उसने जहर खा लिया है पर मौके पर पहुंची पुलिस उसे जिला अस्पताल ले गई, वहां पता चला कि जहर खाने की बात झूठ है। करीब तीन घंटे तक युवक के घर के बाहर युवती हंगामा करती रही। फिलहाल जिला अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, सिंदुरिया थाना क्षेत्र के भेड़िया निवासी एक युवक काफी दिनों से सोशल मीडिया पर सक्रिय है। युवक दोस्तों के साथ वीडियो बनाकर कई सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पोस्ट करता है। यू-ट्यूब पर भी वह वीडियो पोस्ट करता रहता है। उसके वीडियो देख बिहार के मुजफ्फरपुर की रहने वाली 22 साल की युवती एकतरफा प्यार करने लगी। प्यार ऐसा परवान चढ़ा कि घर छोड़कर बुधवार दोपहर करीब एक बजे भेड़िया गांव उसके घर पहुंच गई। घर के बाहर वह हंगामा करने लगी और युवक पर शादी करने के लिए दबाव बनाने लगी।
कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। युवती को काफी समझाने की कोशिश की गई लेकिन वह शादी की जिद पर अड़ी रही। बताया जा रहा है कि शादी न करने के बदले उसने युवक से रकम की डिमांड की। करीब तीन घंटे उसने हंगाम किया। जब युवक ने पैसे देने से भी मना कर दिया तो अचानक वह अचेत होकर सड़क पर गिर पड़ी। हल्ला मच गया कि उसने जहर खा लिया है। इस पर लोगों और पुलिस कर्मियों के हड़कंप मच गया। पुलिस आनन फानन में युवती को जिला अस्पताल ले गई। वहां जांच के बाद जब डॉक्टरों ने बताया कि जहर खाने जैसी कोई स्थिति नहीं है तब पुलिस ने राहत की सांस ली। सिंदुरिया थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह ने बताया कि युवती का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। फिलहाल उसका स्वास्थ्य ठीक है। किसी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है।
दो महीने पहले भी किया था हंगामा :
ग्रामीणों के मुताबिक दो महीने पहले भी युवती इसी युवक के घर आई थी और शादी के लिए दबाव बनाते हुए हंगामा किया था। तब भी युवक के मना करने पर वह लौट गई थी।
प्यार की नाटक रच युवकों को करती है ब्लैकमेल
सूत्रों के मुताबिक, शादी से इंकार पर जहर खाने का नाटक करने वाली युवती का संबंध एक एनजीओ से है। वह इसके पहले भी प्यार की नाटक कर दो युवकों को ब्लैकमेल कर चुकी है। इस बार फिर यह करीब 250 किलोमीटर दूर मुजफ्फरपुर से आकर यूट्यूबर युवक को प्यार का नाटक कर ब्लैकमेल करने की फिराक में थी।