नौतनवा। पति की प्रताड़ना से आहत एक महिला शुक्रवार को तहसील गेट पर अचानक चक्कर खाकर गिर पड़ी, जिससे अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने पानी छिड़ककर महिला को होश में लाया। इसके बाद लोगों ने महिला और उसकी मासूम बच्ची को जलपान कराया। कुछ देर बाद स्थिति सामान्य होने पर वह अपने गंतव्य को रवाना हो गई।
तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा हथियहवा, टोला मैनियहवा निवासी सुनीता चौधरी ने बताया कि पति ने उसे मारपीट कर घर से बाहर कर दिया है। वह अपने बच्चों को लेकर मायके में रहती है। शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
शुक्रवार को भी वह तहसील में अधिकारियों के समक्ष अपनी पीड़ा बयां करने के लिए जा रही थी। इस दौरान गेट पर पहुंचते ही अचानक चक्कर आ गया और वह अचेत होकर वहीं गिर पड़ी। महिला ने बताया कि पूरे मामले को लेकर उसने जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर पति के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करा न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।