ठूठीबारी (महराजगंज)। घर के कामकाज और घरवालों की डांट-फटकार से आजिज आकर क्षेत्र के करदह गांव के खरहरिया टोला निवासी 21 वर्षीय युवती रिम्पा मंगलवार दोपहर गांव के बाहर करीब 200 फीट ऊंचे बिजली टाॅवर पर चढ़ गई। इसकी सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जब उसे नीचे उतरने को कहा तो दसवीं पास रिम्पा सरकारी नौकरी दिलाने की मांग करने लगी। पुलिस वालों ने किसी तरह समझा बुझाकर उसे नीचे उतरने के लिए मनाया। करीब डेढ़ घंटे के मान-मनौव्वल के बाद जब रिम्पा नीचे उतरी तब पुलिस और परिजनों ने राहत की सांस ली।
बताया जा रहा है कि करदह गांव के टोला खरहरिया टोला निवासी रिम्पा (21) पढ़ाई छोड़ने के बाद घर पर ही रहती है। घर के कामकाज को लेकर काफी ऊब चुकी थी। अक्सर घरवाले भी किसी बात कर उसे डांट देते। इसे लेकर भी वह दुखी थी।
इसी बीच मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे रिम्पा गांव के पश्चिम तरफ सिवान में आबादी से करीब दो सौ मीटर दूर बन रहे बिजली के टॉवर पर चढ़ गई और उसके सबसे ऊपरी हिस्से पर जाकर बैठ गई। संयोग से अभी उसमें सप्लाई चालू नहीं है, जिससे कोई हादसा नहीं हुआ। उधर से गुजर रहे लोगों की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल पुलिस और उसके घरवालों को सूचना दी। कुछ ही देर बाद परिजन और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। युवती को टॉवर से नीचे उतरने के लिए पुलिस, परिजन और अन्य ग्रामीण गुहार लगाते रहे लेकिन युवती सरकारी नौकरी दिलाने की जिद पर अड़ी रही। पुलिस के काफी प्रयास के बाद युवती मानी और करीब डेढ़ घंटे बाद टॉवर से उतरी।
कोतवाली ठूठीबारी थाना प्रभारी निरीक्षक नवनीत नागर ने बताया की युवती को टॉवर से नीचे उतार लिया गया है। युवती घरेलू कार्यों से असंतुष्ट थी। वह टॉवर पर चढ़कर प्रशासन से सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग कर रही थी। उसे परिजनों को सौंप दिया गया है।