परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के नटवा जंगल चौराहे पर बुधवार को सड़क पर अचानक कुत्ता आ जाने से बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार एक किशोर की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के बलुआभार निवासी जितेंद्र (35) बुधवार को अपने भतीजे सागर (18) और किशन (16) के साथ एक ही बाइक से नटवा जंगल गए थे। वहां से वापस लौटते समय नटवा जंगल चौराहे के पास अचानक सड़क पर एक कुत्ता आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बाइक चालक ने नियंत्रण खो दिया। बाइक कुत्ते से टकराते हुए सड़क किनारे स्थित पेड़ से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पर सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया जा रहा था। इसी दौरान किशन ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जितेंद्र और सागर को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। श्यामदेउरवां थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि परिजन शव का पोस्टमार्टम कराना नहीं चाहते हैं। शव को परिजन को सौंप दिया गया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।