बृहस्पतिवार को लापता किशोरी के परिजन कुछ अन्य लोगों के साथ बगल घर के किशोरी के घर पहुंचे
परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती के लापता होने के बाद उसके परिजनों पर बगल की रहने वाली एक किशोरी को प्रताड़ित करने का आरोप लगा है। आरोप है कि इससे आजिज आकर उसने जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सीएचसी परतावल में उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी बुधवार को दूसरे गांव के एक युवक के साथ भाग हो गई। जानकारी होने पर परिजन उसकी तलाश करने लगे। किशोरी का घर के बगल में रहने वाले एक परिवार के घर आना-जाना था। बृहस्पतिवार को लापता किशोरी के परिजन कुछ अन्य लोगों के साथ बगल घर में पहुंचे। आरोप है कि जबरन उसे बोलेरो में बैठाकर युवती को भगाने वाले युवक के गांव लेकर गए। परिजनों ने उसे दिनभर घुमाया और प्रताड़ित किया। प्रताड़ना से आहत किशोरी ने बृहस्पतिवार की शाम को जहरीला पदार्थ खा लिया। इससे उसकी हालत गंभीर हो गई। एंबुलेंस की सहायता से उसे सीएचसी परतावल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। किशोरी की मां के अनुसार युवती घर आती-जाती थी। इसे लेकर उसे कई बार उसे मना भी किया था। मनरेगा में मजदूरी कर जीवन यापन करती हूं। अगर बेटी को कुछ हो गया तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा।
बोलेरो से आए युवक पर किशोरी को भगाने का आरोप
परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के एक गांव से जिस तरह किशोरी भागी वह किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं था। भोर में लगभग दो बजे लक्ष्मीपुर भरगांवा निवासी आरोपी युवक मुस्कान बोलेरो लेकर आया और किशोरी को चलती गाड़ी में बैठाकर भागने लगा। परिजनों को जानकारी हुई तो उन्होंने पीछा किया। लेकिन, वह पकड़ में नहीं आया।
किशोरी के पिता ने पत्थर चलाकर बोलेरो का शीशा तोड़ दिया। फिर भी वह नहीं रुका और किशोरी को लेकर भागने में कामयाब हो गया। जानकारी होने पर पुलिस ने केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी। बृहस्पतिवार की देर शाम किशोरी को गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर से ढूंढ़कर कर लिया गया।
प्रभारी थानाध्यक्ष शंभू नाथ सिंह के अनुसार, युवती को भगाने के आरोप में केस दर्ज है। युवती को ढूंढ़कर वन स्टाॅप सेंटर में रखा गया है। किशोरी के जहरीला पदार्थ खाने की सूचना अभी नहीं है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद