परसामलिक। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सेवतरी स्थित बार्डर डेवलपमेंट रोड पर शुक्रवार की देर शाम ठूठीबारी से सोनौली जा रही कार अनियंत्रित होकर करीब 10 फीट नीचे खाई में जा गिरी। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने ट्रैक्टर की मदद से कार को सकुशल बाहर निकलवाया।
जानकारी के अनुसार, ठूठीबारी निवासी कमरुज्जमा उर्फ आलम शुक्रवार की देर शाम करीब सात बजे कार से बॉर्डर डेवलपमेंट रोड से सोनौली जा रहा था। इस दौरान सेवतरी स्थित एसएसबी कैंप से करीब 200 मीटर पूरब कार अनियंत्रित होकर 10 फीट नीचे गढ्डे में चली गई। इस घटना में कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। कार में ड्राइवर के अतिरिक्त अन्य कोई सवार नहीं था अन्यथा बड़ी दुर्घटना घट सकती थी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची सेवतरी चौकी पुलिस ने स्थानीय लोगों के मदद से कार को ट्रैक्टर से खिंचवाकर बाहर निकलवाया। पुलिस ने ड्राइवर से पूछताछ के बाद कार को कब्जे में ले लिया। सेवतरी चौकी प्रभारी गोविंदर यादव ने बताया कि कार अनियंत्रित होकर खाई में गई थी जिसे निकलवा दिया गया है।