नौतनवा । दिवाली त्योहार के मद्देनजर शनिवार को उपजिलाधिकारी कुणाल तथा सीओ बसंत सिंह ने नौतनवा तहसील क्षेत्र के अड्डा बाजार के लाइसेंसी पटाखा की दुकानों तथा गोदामों का निरीक्षण किया। कमियां मिलने पर एक दुकानदार को मानक पूरा करने तक के लिए दुकान बंद करा दिया गया।
उप जिलाधिकारी कुणाल ने बताया कि दिवाली त्योहार में कहीं किसी प्रकार की घटना न होने पाए इसको लेकर तहसील क्षेत्र के नौतनवा कस्बा अड्डा बाजार ,सिरसिया खास आदि स्थानों पर स्थित पटाखा की दुकानों का निरीक्षण किया गया। जिसको लाइसेंस, भंडारण क्षमता, कच्चा माल, रेडीमेड पटाखे, बालू, पानी, अग्निशमन यंत्र, गोदाम आबादी से दूर है कि नहीं, वहां जाने का मार्ग आदि के मानकों पर परखा गया। दुकानदारों को आवश्यक निर्देश दिया गया।
अड्डा बाजार स्थित शिवकुमार की पटाखा बनाने की लाइसेंसी दुकान में अग्निशमन यंत्र खराब और वैधता खत्म होने और अन्य कमियां मिलने पर मानक पूरा करने तक दुकान बंद करने का निर्देश दिया गया है। जमुहरा कला में लाइसेंसी पटाखा की दुकान के निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने दुकानदार को निर्देशित किया कि अधिक विस्फोटक पटाखा और नाबालिग से बिक्री नहीं करें। इस मौके पर अड्डा बाजार चौकी प्रभारी अजय यादव पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।