निचलौल। गांव में तीन माह से राशन वितरण नहीं होने से नाराज डोमा खास की महिलाओं ने शनिवार को तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। महिलाओं ने जय मां काली स्वयं सहायता समूह को सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान आवंटित करने की मांग को लेकर एसडीएम अवनीश त्रिपाठी को ज्ञापन सौंपा। एसडीएम ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
महिलाओं ने बताया कि गांव में पिछले तीन माह से राशन का वितरण नहीं हो रहा है। विभागीय जांच में कोटेदार पर सरकारी खाद्यान्न बेचने का मामला सामने आने के बाद उसके खिलाफ कार्रवाई की गई है। इससे गांव के राशन कार्डधारकों को काफी परेशानी हो रही है। महिलाओं ने मांग की कि गांव में पहले से संचालित जय मां काली स्वयं सहायता समूह को नियमानुसार कोटे की दुकान आवंटित की जाए, जिससे पात्र कार्डधारकों को समय से राशन मिल सके।
एसडीएम अवनीश त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच के लिए आपूर्ति निरीक्षक इंद्रभान को निर्देशित किया गया है। आपूर्ति निरीक्षक ने बताया कि डोमा के कोटेदार ने अक्तूबर माह का राशन गायब कर दिया था। रिकवरी में खाद्यान्न उपलब्ध नहीं कराने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की गई है। दुकान का लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। फिलहाल राशन की दुकान को बढ़या मुस्तकीम की दुकान से संबद्ध कर दिया गया है। कोटेदार को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया है। जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर लाइसेंस निरस्त किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान जाहिद अली, बिंदा गुप्ता, नर्मदा, जीत कुमारी, कुसुम, सुनीता, गीता, उर्मिला, मालती, प्रतिभा, जोखनी, शोभा, केवली, सोना, राजवंती, ललिता और लालती देवी मौजूद रहीं।