- ट्रक से बरामद पटाखों के स्वामियों को चिह्नित करने में जुटी पुलिस
नौतनवा। दीपावली से दो माह पहले स्थानीय कस्बा स्थित राजाबाबू ट्रांसपोर्ट से लाखों के पटाखों की हुई बरामदगी ने नौतनवा से लगाए जिले के आला अधिकारियों को हैरानी में डाल दिया है। बता दें कि तीन दिनों पूर्व ही कस्बे में स्थित भुंडी छठ घाट के पास से भी एक बोरी पटाखा बरामद हुआ था। सीमावर्ती क्षेत्रों से ताबड़तोड़ हो रही पटाखों की बरामदगी इस बात की पुष्टि करने को काफी है कि बड़े पैमाने पर पटाखों के खेप की नेपाल को तस्करी की जा रही है।
इन विस्फोटक सामग्रियों की जमाखोरी का हब भी नौतनवा कस्बा ही बना हुआ है। जिससे कहीं न कहीं से नगर अब बारूद की ढेर पर ही नजर आ रहा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि बृहस्पतिवार की दोपहर हुई बरामदगी से पहले अब तक न जाने कितनी ट्रक पटाखों की खेप नौतनवा में पहुंच चुकी होगी जिसे आबादी के बीच ही डंप कर रखा भी गया होगा। ऐसे में इन विस्फोटकों की जमाखोरी कभी भी किसी बड़ी घटना के रूप में प्रशासन के लिए चुनौती बन सकती है। फिलहाल पुलिस बृहस्पतिवार को बरामद हुई पटाखों की खेप किसकी है उसके स्वामियों को चिह्नित करने और इसे कहां डंप कर रखा जाना था सहित अन्य जरूरी जानकारियों को जुटाने में लग गई है।
थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह का कहना है कि ट्रक से बरामद पटाखों का जखीरा किसका है उसके स्वामियों को चिह्नित कराने का प्रयास किया जा रहा है। कस्बे में विस्फोटक पदार्थों की जमाखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसमें जिसका भी नाम सामने आता है उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।