कोटे की चावल होने की शिकायत पर कोल्हुई के गल्ला व्यापारी के दुकान पर एसडीएम ने की छापेमारी।
सरकारी राशन की खरीद-फरोख्त की शिकायत पर एसडीएम ने मारा था छापा
कोल्हुई। सरकारी राशन की खरीद-फरोख्त की शिकायत मिलने पर एक गल्ला व्यापारी के गोदाम पर सोमवार को चार बजे एसडीएम फरेंदा ने पुलिस बल के साथ छापा मारा। इस दौरान गोदाम में 614 बोरी चावल मिले। टीम चावल का नमूना लेकर चली गई।
जानकारी के अनुसार, एसडीएम फरेंदा के नेतृत्व में गोदाम पर पहुंची टीम ने स्टॉक रजिस्टर तथा खरीद-बिक्री से संबंधित अभिलेखों की जांच की। अधिकारियों ने उपलब्ध खाद्यान्न का भौतिक सत्यापन करते हुए दस्तावेजों की मिलान की तो गोदाम में 614 बोरी मोटा चावल ऐसा मिला जो ऑनलाइन रिकार्ड में नहीं था। वहीं गेंहू के स्टॉक और उपलब्धता में भी कमियां पाई गईं।
जांच के दौरान टीम ने कई महत्वपूर्ण अभिलेखों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी और चावल का नमूना अपने साथ ले गई। अधिकारियों ने बताया कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है। स्टॉक और अभिलेखों के सत्यापन के बाद विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी विजय कुमार साहनी ने बताया कि गोदाम में मिले चावल को जब्त कर एक स्थानीय कोटेदार की सिपुर्दगी में रखवा दिया गया है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम फरेंदा शैलेन्द्र गौतम ने बताया कि जांच की जा रही है। यदि सरकारी राशन की खरीद-फरोख्त अथवा स्टॉक में किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो गल्ला व्यापारी के विरुद्ध विधिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। छापामारी के दौरान क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी विजय कुमार साहनी, पूर्ति निरीक्षक ईशान प्रताप सिंह व मंडी सचिव दीपक कुमार शामिल रहे।