परतावल में बिना हेलमेट बाइक चलाते दरोगा का वीडियो वायरल।
परतावल। श्यामदेउरवां थाने में तैनात एक दरोगा को बिना हेलमेट बाइक चलाना भारी पड़ गया। सुबह 11.30 बजे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शिकायत मिलने के बाद पुलिस विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया। जांच के बाद शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे संबंधित बाइक का एक हजार रुपये का चालान काट दिया गया।
जानकारी के अनुसार, श्यामदेउरवां थाने में तैनात दरोगा अभिजीत कुमार की बाइक को दरोगा चंद्रपाल यादव चला रहे थे। वह किसी कार्य से बड़हरा बरईपार की तरफ गए थे। इस दौरान उन्होंने हेलमेट नहीं पहन रखा था। इतना ही नहीं, बाइक पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। यह मोटर वाहन नियमों का उल्लंघन के दायरे में आता है। रास्ते में किसी युवक ने उनकी फोटो खींच ली और सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए मामले की शिकायत महराजगंज पुलिस से कर दी। शिकायत वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने प्रभारी निरीक्षक श्यामदेउरवां और यातायात निरीक्षक को जांच के निर्देश दिए। जांच के दौरान सामने आया कि बाइक चला रहे दरोगा ने वास्तव में हेलमेट नहीं पहना था। इसके बाद यातायात नियमों के उल्लंघन में बाइक का एक हजार रुपये का चालान किया गया।