महराजगंज। महिला समूह की ओर से निर्मित उत्पादों की बिक्री के लिए एक निर्धारित स्थान दिया जाएगा। विकास भवन के सामने मार्ग के दूसरी तरफ की जमीन सीडीओ के निर्देशन में विकसित कराने का कार्य प्रारंभ हुआ है।
शुरुआत में इस विकसित स्थल पर महिला समूह अपने स्टाल इत्यादि लगाकर उत्पाद बिक्री करेंगी। बजट इत्यादि व्यवस्थित होने के बाद इनके लिए यहां दुकान भी बनेगी। ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाएं डिटर्जेंट, सेनेटरी नैपकिन, चिप्स- पापड़ के साथ अचार मुरब्बा तैयार कर आजीविका कमा रही हैं।
इनके उत्पादों की ब्रांडिंग अब स्वत: होती रहेगी, क्योंकि विकास भवन व कलेक्ट्रेट की तरफ जाने वाले मार्ग के ठीक दूसरी तरफ की झाड़ियों व उबड़खाबड़ भूमि को इस लायक एक परिसर के रूप में विकसित किया जाएगा जहां महिलाएं नियमित उत्पाद बिक्री के लिए अपना स्टाल लगा सकेंगी।
विकास भवन व कलेक्ट्रेट पूरे जनपद के लोगों का आवागमन बना रहता है। ऐसे में प्रशासन की तरफ से समूह की महिलाओं को उत्पाद बिक्री के लिए एक परिसर देकर ब्रांडिंग का अवसर उपलब्ध कराएगा। परिसर को विकसित करने के लिए झाड़ियों की कटाई के बाद मिट्टी व राबिश मिश्रण की पटाई कराई जाएगी। जिससे भूमि समतल व ऊंचा हो सके और यहां बारिश का पानी न टिकने पाए।