शनिवार को मिर्जापुर में की गई थी अधिवक्ता की हत्या
अधिवक्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा
महराजगंज। मिर्जापुर में अधिवक्ता राजीव कुमार सिंह की हत्या का सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन ने घटना की निंदा करते हुए आरोपियों की गिरफ्तार की मांग की। इसके बाद दो मिनट का मौन रखकर अधिवक्ता को श्रद्धांजलि दी। अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी को राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उनके कार्यालय में सौंपा।
बार एसोसिएशन ने जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में बताया कि जनपद मिर्जापुर के अधिवक्ता राजीव कुमार सिंह की शनिवार की सुबह करीब सात बजे हत्या कर दी गई। बार एसोसिएशन ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि घटना में संलिप्त अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही एसोसिएशन ने मृतक के परिजनों को दो करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और मामले की निष्पक्ष व त्वरित जांच कराने की मांग की। अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उत्तर प्रदेश में भी अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट जल्द लागू करने की मांग की।
इस अवसर पर अधिवक्ता अरविंद निषाद, वशिष्ठ मिश्र, धर्मेंद्र त्रिपाठी, उमेश तिवारी, जितेंद्र प्रजापति, अखिलेंद्र सिंह, बंधना त्रिपाठी, राजकिशोर पांडेय, रविकेश तिवारी, सत्यप्रकाश सिंह मौजूद है। इस दौरान दिवंगत अधिवक्ता की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की गई।