ठूठीबारी। गड़ौरा चीनी मिल में ड्यूटी के दौरान ब्वॉयलर का चेन खोलते समय उसमें फंसकर शुक्रवार को एक मजदूर के दाहिने हाथ की तीन अंगुलियां कट गईं।
फिटर पद पर कार्यरत इस मजदूर को आनन-फानन में निचलौल सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद वहां के डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया।
दिसंबर 2024 से गड़ौरा जेएचवी चीनी मिल में ब्वॉयलर सेकेंड फिटर के पद पर कार्यरत कुशीनगर जिले के थाना नेबुआ नौरंगिया ग्राम खैरहिया शुक्ला निवासी राजू यादव रोजाना की तरह दो मई की सुबह करीब नौ बजकर पचास मिनट पर ब्वॉयलर का चेन खोल रहा था। इसी बीच अचानक उसके दाहिने हाथ की तीन अंगुलियां चेन की चपेट में आकर कट गईं।
पूर्वांचल चीनी मिल मजदूर यूनियन अध्यक्ष डॉ. नवलकिशोर मिश्र ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि चीनी मिल प्रबंधन ने मिल के किसी श्रमिक का बीमा नहीं कराया गया है। ऐसी स्थितियों के लिए मिल में ना ही कोई सुविधा और न सुरक्षा का कोई उचित प्रबंध है। उन्होंने मिल प्रबंधन से घायल मजदूर के समुचित इलाज तथा मुआवजे की मांग की। र