बुजुर्ग मां को इकलौते बेटे ने गला घोंटकर मार डाला
मां को मरने के बाद साइकिल से शव को लेकर श्मशान घाट लेकर पहुंचा बेटा
सुनसान रात में अकेला ही कर दिया मां का अंतिम संस्कार
पिपराकाजी गांव के दक्षिण टोला का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज/निचलौल। निचलौल थाना क्षेत्र के एक गांव से शनिवार की सुबह ऐसा मामला सामने आया कि आम लोगों से लेकर पुलिस प्रशासन के होश उड़ गए। पिपराकाजी गांव के दक्षिण टोला पर शुक्रवार की रात एक निर्दयी इकलौते बेटे ने जमीन की लालच में अपनी बुजुर्ग मां की गला घोंटकर मार डाला। उसके बाद निर्दयी बेटे ने मृत मां के शव को अकेले साइकिल पर लेकर श्मशान घाट पहुंच गया। जहां बेटे ने आनन-फानन में रात के सुनसान अंधेरे में ही अंतिम संस्कार कर दिया। हालांकि सुबह होते ही आरोपित बेटे ने अपने आप को जिला मुख्यालय पहुंचकर सदर कोतवाली पुलिस को आत्म समपर्ण कर दिया।
ग्राम प्रधान श्रीप्रकाश पटेल ने बताया कि पिपराकाजी गांव के दक्षिण टोला निवासी रामदरश चौधरी (42) अपने मां- बाप का इकलोता बेटा है। रामदरश की तीन बहने हैं। करीब दस वर्ष पहले तीनों बहनों की शादी भी हो चुकी है। इस समय तीनों बहनें अपने-अपने पति के साथ उनके घर पर रहती हैं। जबकि करीब आठ वर्ष पहले आरोपी बेटा रामदरश भी मां-बाप को अकेले घर पर छोड़कर अपनी पत्नी और बच्चों को लेकर मुंबई चला गया। वहां रहकर मजदूरी कर कमाने खाने लगा। बीच-बीच में गांव आकर अपने माता- पिता के नाम से जायदाद की खोजबीन करता रहा। करीब नौ माह पहले पिता चूल्हाही की मौत की सूचना पर आरोपी रामदरश अपना परिवार लेकर घर आया और दाह संस्कार के बाद पुन: रामदरश वापस मुंबई लौट गया। इसी बीच रामदरश को भनक लगी कि उसकी बुजुर्ग मां सलहंती अपने नाम की जायदाद का कुछ हिस्सा गांव के एक व्यक्ति के नाम बेचने की बात कर रही हैं, तो वह पत्नी को लेकर बीते कुछ दिनों पहले घर चला आया। उसके बाद मां के साथ रहने लगा। इसी बीच शुक्रवार की रात आरोपी बेटा रामदरश अपनी बुजुर्ग मां सलहंती (70) की गला घोंटकर मार डाला। उसके बाद गांव से पश्चिम करीब 500 मीटर दूर श्मशान घाट पर अकेले साइकिल से ले जाकर शव का दाह संस्कार कर दिया। निचलौल क्षेत्राधिकारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। मौके पर पुलिस टीम गई थी। आरोपी ने शव को जला दिया है। आरोपी बेटे पर कार्रवाई करने के लिए संबंधित को निर्देश दिया गया है।
कार्रवाई के लिए तहरीर का घंटों इंतजार करती रही पुलिस
पिपराकाजी के दक्षिण टोला पर एक निर्दयी बेटे द्वारा अपनी बुजुर्ग मां की गला घोंटकर मौत के घाट उतारने के मामले में पुलिस देर शाम तक आरोपी पर कार्रवाई के लिए तहरीर का इंतजार करती रही। जबकि अपने मां के कातिल आरोपी बेटे ने घटना को अंजाम देने के बाद सदर कोतवाली पुलिस को आत्मसमर्पण कर दिया है। जबकि इस मामले में स्थानीय पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी।
रामदरश को शराब पीने की लत
ग्रामीणों के मुताबिक आरोपी रामदरश चौधरी को शराब पीने की लत है। शुक्रवार की शाम नशे में उसका बुजुर्ग मां सलहंती से विवाद हो गया। इस दौरान आरोपी रामदरश अपनी मां से मारपीट करने लगा। इतना से जी नहीं भरा तो निर्दयी बेटा रामदरश ने जन्म देने वाली मां सलहंती को जमीन पर लेटाकर गला घोंट कर मार डाला।
आधा जायदाद बेच चुकी थी सलहंती
पड़ोसियों से मिली जानकारी के मुताबिक सलहंती देवी करीब दो एकड़ जमीन में से करीब आधा हिस्सा बेच चुकी थी। जो जमीन बची थी, उसे भी बार-बार बेचने के लिए बेटे को धमकी देती थी। जिससे रामदरश परेशान हो गया था।