निचलौल। दिवाली पर गाय के सींग में तेल लगाने के दौरान अचानक गाय के हमले से 60 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। गाय का सींग पेट में घुसने से उनका पेट फट गया और आंत बाहर निकल आई।
गंभीर हालत में परिजन उन्हें सीएचसी निचलौल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। एएलएस एंबुलेंस की मदद से समय पर अस्पताल पहुंचने पर उनकी जान बच गई। सोमवार सुबह ऑपरेशन के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। कोहड़वल ग्रामसभा के टोला सिसवाडिह निवासी लक्ष्मण यादव रविवार शाम अपनी पशुशाला में गाय के सींग में तेल लगा रहे थे। उनके बेटे शिवपूजन ने बताया कि अमावस्या के दिन मवेशियों के सींग में तेल लगाने की परंपरा है। इसी परंपरा के तहत पिता गाय के सींग में तेल लगाने पहुंचे थे। इसी दौरान गाय अचानक आक्रामक हो गई और सींग से उनके पेट पर हमला कर दिया। इससे पेट फट गया और आंत बाहर निकल आई। हादसे के बाद वह मौके पर ही अचेत हो गए।
सीएचसी के डाॅ. मनीष खन्ना ने अस्पताल परिसर में खड़ी एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस से उन्हें गोरखपुर भेजने की व्यवस्था की। बेटे शिवपूजन ने सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आभार जताया।