परतावल। श्यामदेउरवा क्षेत्र के सोहनपुर उर्फ सोनकटिया गांव में बिना अनुमति मूर्ति स्थापना को लेकर विवाद का मामला सामने आया। लक्ष्मी पूजा के बाद विसर्जन से संबंधित एक वीडियो फेसबुक पर पोस्ट किए जाने के बाद दूसरे समुदाय के लोगों ने आपत्ति जताई। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत की और मामले को शांत करा दिया।
पुलिस के अनुसार, गांव में लक्ष्मी पूजा के बाद प्रतिमा का विसर्जन किया गया था। इस दौरान एक व्यक्ति ने फेसबुक पर वीडियो पोस्ट किया, जिस पर दूसरे समुदाय के लोगों ने आपत्ति जताई। इससे गांव में विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित व्यक्ति से लिखित माफीनामा लिया और फेसबुक से पोस्ट हटवा दिया। इसके साथ ही शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए युवक के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई भी की गई।
पुलिस के हस्तक्षेप के बाद ग्रामवासियों ने भविष्य में बिना अनुमति प्रतिमा स्थापित नहीं करने और जुलूस नहीं निकालने का लिखित आश्वासन दिया। थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि दोनों पक्षों ने आपस में सुलह-समझौता कर लिया है। अब कोई विवाद नहीं है। गांव में शांति व्यवस्था कायम है।