फरेंदा। कस्बे के रेलवे स्टेशन आनंदनगर के समीप सोमवार को दिन में करीब दो बजे एक बुजुर्ग महिला को टप्पेबाज नकली कागज के नोट का बंडल थमा उनका जेवर लेकर फरार हो गया। जब बुजुर्ग महिला को खुद को ठगे जाने का एहसास हुआ तो उन्होंने इसकी सूचना परिजन को दी। पीड़ित ने स्थानीय थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
फरेंदा थाना क्षेत्र के सिधवारी टोला जगदीशपुर निवासी 70 वर्षीय किशोरी देवी सोमवार को दिन में 11 बजे स्टेट बैंक में पेंशन निकालने बेटे धर्मेंद्र के साथ पहुंची थी। जहां से पेंशन निकालने के बाद कुछ रुपये बेटे को देकर घर भेज दिया और खुद बाजार करने के लिए रुक गई। दोपहर करीब दो बजे आनंदनगर रेलवे स्टेशन के समीप सब्जी खरीदते समय दो टप्पेबाज उनके पास पहुंचे और उनके झोले में नकली नोटो का बंडल डाल दिया। महिला ने जब इस बात का विरोध किया तो टप्पेबाज सूनसान जगह पर महिला को बुलाकर पुलिस पीछा करने की बात कहने लगे। बुजुर्ग महिला को अपनी बात में उलझा कर टप्पेबाज बोले कि नोट का बंडल रख लो और कान का आभूषण दे दो। इसके बाद महिला भी उनके झांसे में आकर कान में पहने हुए आभूषण को निकाल कर दे दिया। कुछ देर बात झोले से नोट का बंडल निकाला तो वह कागज का बंडल निकला। महिला को जब एहसास हुआ कि उसके साथ ठगी हो गई है तो उसने अपने बेटे धर्मेंद्र को घटना की जानकारी दी। बेटा जब तक मौके पर पहुंचता तब तक टप्पेबाज फरार हो चुके थे। महिला के बेटे ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिली है, जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।