कोल्हुई। बृजमनगंज ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत डकही के टोला अहिरौली और ग्राम सभा बड़िहारी के महादेव में स्थित प्राथमिक विद्यालय में वर्तमान समय में बाल वाटिका आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन हो रहा है। लोगों का आरोप है कि केंद्र के संचालन और बच्चों की देखरेख के लिए जिम्मेदार कर्मियों की तैनाती को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
स्थानीय ग्रामवासियों के अनुसार विद्यालय परिसर में बाल वाटिका आंगनबाड़ी केंद्र संचालित होने के बावजूद मौके पर जिम्मेदार कर्मियों की व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसे में नौनिहालों की शिक्षा, देखभाल और केंद्र के नियमित संचालन को लेकर ग्रामीणों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
सरकार की ओर से बाल वाटिका के माध्यम से छोटे-छोटे बच्चों को विद्यालय आने से पहले प्रारंभिक शिक्षा से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। ऐसे में लोगों का कहना है कि यदि केंद्र संचालित किया जा रहा है तो वहां संबंधित जिम्मेदार कर्मियों की नियमित उपस्थिति और व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मौके की जांच कराकर यह स्पष्ट करने की मांग की है कि केंद्र पर किसकी तैनाती है। और उसका संचालन नियमित रूप से क्यों नहीं हो रहा है। साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों से व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
इस संबंध में सीडीपीओ बृजमनगंज राम जनम यादव का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। जांचोपरांत विधिक कार्रवाई की जाएगी।