महराजगंज। जिले में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए परिवहन विभाग की ओर से 16 से 30 नवंबर तक विशेष सड़क सुरक्षा पखवाड़ा चलाया जाएगा। बिना हेलमेट कॉलेज पहुंचने वाले विद्यार्थियों को प्रवेश नहीं मिलेगा। वहीं, सड़क पर स्टंटबाजी करने वाले वाहन चालकों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन आयुक्त के निर्देश पर शासन की ओर से जारी आदेश के क्रम में जिला प्रशासन, परिवहन विभाग और शिक्षा विभाग को अभियान के प्रभावी संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पखवाड़े के दौरान जागरूकता के साथ प्रवर्तन की कार्रवाई भी की जाएगी। सरकारी कार्यालयों में बिना हेलमेट आने वाले कर्मचारियों पर भी सख्ती होगी। ऐसे कर्मचारियों को अनुपस्थित मानने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यालयों के मुख्य द्वार पर ‘बिना हेलमेट प्रवेश वर्जित’ का बोर्ड लगाना अनिवार्य होगा।
अभियान के तहत रात में भी विशेष चेकिंग की जाएगी। इसमें शराब पीकर वाहन चलाने और निर्धारित गति से तेज वाहन दौड़ाने वालों पर कार्रवाई होगी। अवैध पार्किंग करने वालों का प्रारूप-16 के तहत चालान किया जाएगा। इसके अलावा प्रचार वाहन गांव-गांव पहुंचकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करेंगे।
स्कूल बसों और वैन की भी होगी जांच
माध्यमिक स्कूलों के परिवहन नोडल अनमोल कुमार ने बताया कि स्कूल बसों और वैन की भी जांच होगी। वाहनों में फिटनेस प्रमाणपत्र, निर्धारित क्षमता के अनुसार सवारी, मेडिकल बॉक्स और सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था अनिवार्य होगी। काली फिल्म हटाने और प्रेशर हॉर्न पर प्रतिबंध का पालन कराना भी अभियान में शामिल है। मानकों का उल्लंघन करने वाले स्कूल वाहनों का संचालन बंद कराया जाएगा।
बोले अधिकारीजनपद में 15 दिन तक सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कराने के साथ लोगों को जागरूक भी किया जाएगा। प्रचार वाहन गांव-गांव जाकर यातायात नियमों की जानकारी देंगे। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई होगी। युवाओं से अपील है कि सड़क पर स्टंटबाजी न करें और हेलमेट लगाकर ही वाहन चलाएं।
- मनोज कुमार सिंह, एआरटीओ