फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सत्य, अहिंसा के रास्ते पर चलने की जरूरत

Thu, 03 Oct 2013 05:37 AM IST
Maharajganj
विज्ञापन
विज्ञापन
महराजगंज। जिले में महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती धूमधाम से मनाई गई। सरकारी, गैर सरकारी कार्यालयों और विभिन्न संगठनों ने कार्यक्रम का आयोजन किया।
विज्ञापन

कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम सौम्या अग्रवाल ने ध्वजारोहण के बाद कहा कि देश की आजादी में महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। सत्य और अहिंसा का सिद्धांत गांधी जी ने जीवनभर पालन किया। हमें उनके सिद्धांतों पर चलना चाहिए। एडीएम एसएस श्रीवास्तव ने कहा कि महात्मा गांधी और शास्त्री ने अपने विचारों तथा कर्मों से भारत को ही नहीं बल्कि विश्व को भी प्रभावित किया। गांधी जी एक तरफ देश की आजादी के लिए संघर्ष कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर लोगों में जागृति लाते थे। लाल बहादुर शास्त्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के साथ रेलमंत्री और प्रधानमंत्री के पद पर रहकर देश की सेवा की। कार्यक्रम को अभियोजन अधिकारी वीपी मिश्रा, डीजीसी सिविल अवनीश मणि, प्रभाकर तिवारी ने भी संबोधित किया। गोविंद मिश्रा ने ‘रघुपति राघव राजा राजाराम’ गाया। संचालन श्रीनाथ धर दुबे ने किया।
विकास भवन में सीडीओ आशुतोष निरंजन ने महात्मा गांधी के स्वराज्य के सपने को साकार करने के लिए मनरेगा, राष्ट्रीय आजीविका मिशन और लोहिया आवास सहित अन्य विकास योजनाओं के गुणवत्ता पूर्ण संचालन पर जोर दिया। उन्होंने पंचायतीराज संस्थाओं को मजबूत करने पर बल दिया। इस अवसर पर पीडी वीपी मिश्रा, डीडीओ अनिल राय, केएम सिंह, अजातशत्रु शाही और धर्मेन्द्र मिश्र सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन

हर विवाद का हल बंदूक नहीं : जिला जज
महराजगंज। गांधी जयंती के अवसर पर दीवानी न्यायालय सभागार में मध्यस्थता एवं सुलह-समझौता विषय पर गोष्ठी का आयोजन हुआ। अध्यक्षता करते हुए जनपद न्यायाधीश उमेशचंद पांडेय ने कहा कि सत्य, अहिंसा व आध्यात्म के मार्ग पर चलकर ही गांधी जी हम सबके मन पर छाए हैं। सुलह-समझौता के आधार पर मुकदमों का निस्तारण एक अच्छी प्रक्रिया है। इसे बढ़ावा दिया जाना चाहिए। गांधी जी के व्यक्तित्व और कृतित्व से पूरा विश्व अभिभूत है। उन्होंने सत्य और अहिंसा का पालन कर सिद्ध किया कि हर विवाद का हल बंदूक नहीं होता। सीजेएम प्रमोद कुमार गुप्ता ने कहा कि किसी भी समस्या का निदान समझौते से किया जाना ज्यादा उपयुक्त होगा। संगोष्ठी को वरिष्ठ अधिवक्ता श्वामीनाथ तिवारी, राही मासूम रजा, आरपी सिंह, राजेश उपाध्याय और प्रमोद श्रीवास्तव आदि ने भी संबोधित किया। दीवानी न्यायालय के पूर्व कर्मचारी शकील अहमद ने ‘रघुपति राघव राजा राम’ गाकर सुनाया। संचालन सिविल जज सीनियर डिवीजन निशा सिंह ने किया। इस अवसर पर अपर जिला जज प्रथम जितेन्द्र कुमार सिन्हा, द्वितीय बुद्धिराम, तृतीय मनोज कुमार और चतुर्थ देवेन्द्र सिंह आदि मौजूद रहे।
स्कूल-कालेज में याद किए गए बापू
महराजगंज। डायट में गांधी जयंती मनाई गई। यहां कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इस अवसर पर प्राचार्य अनूप कुमार श्रीवास्तव, नूरजहां, अभिषेक पटेल, नुरुल हसन और हिसामुद्दीन आदि मौजूद रहे। अनूप पब्लिक स्कूल मऊपाकड़ में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती धूमधाम से मनाई गया। प्रबंधक अनूप चौधरी ने कहा कि महात्मा गांधी के पद चिह्नों पर चलकर देश का भला हो सकता है। विद्यार्थियों के उनके आदर्शों को ग्रहण करना चाहिए। गणेश शंकर विद्यार्थी स्मारक इंटर कॉलेज में आयोजित गोष्ठी में प्रधानाचार्य त्रियुगीनारायण त्रिपाठी ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को नहीं भुलाया जा सकता। इस मौके पर अखिलेश्वर राय, विजय बहादुर शर्मा और जसवंत वर्मा आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें