महराजगंज। अलग-अलग जगहों पर सड़क हादसों में महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दो की हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
गोरखपुर जनपद के कैम्पियरगंज थाना क्षेत्र के अहिरौली निवासी मंजू लता (35) मंगलवार सुबह बाइक से बेटी के साथ कहीं जा रही थी। बाइक एक रिश्तेदार चला रहा था। सदर कोतवाली क्षेत्र में बाइक के सामने अचानक सूअर आ गई। उसको बचाने में चालक बाइक से नियंत्रण खो बैठा। बाइक नीचे गिर गई। इस घटना में मंजू लता और उसकी बेटी के सिर पर गंभीर चोट लग गई। आनन-फानन में उन्हें जिला संयुक्त अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां मंजू की नाजुक हालत देखते हुए डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
दूसरी घटना फरेन्दा थाना क्षेत्र में हुई। यहां के सिधवारी टोला जगदीशपुर निवासी चंदन (20) सोमवार शाम पैदल कहीं जा रहा था। उसी थाना क्षेत्र के तुलसीपुर के पास गोरखपुर से सिद्धार्थनगर जा रही एक प्राइवेट बस चालक ने टक्कर मार दी। इससे वह घायल हो गया। लोगों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बनकटी में भर्ती कराया गया, जहां नाजुक स्थिति देखते हुए डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।