कोल्हुई। सोनचिरैया स्थित आम के पेड़ पर मंगलवार सुबह एक युवक की लटकती लाश मिली। उसके शरीर पर वस्त्र के नाम पर कमर में सिर्फ शर्ट बंधा मिला।
कोल्हुई थाना क्षेत्र के बाधा निवासी वसीम (20) सोमवार रात खाना खाकर अपने कमरे में सोने चला गया। मंगलवार भोर में करीब तीन बजे वह कमरे से निकला। पिता शफी मुहम्मद ने उसे जाते हुए देखा लेकिन उन्होंने सोचा किसी काम से उठा होगा। घर वाले अभी कुछ सोचते तभी कुछ लोगाें ने सोनचिरैया गांव के पूरब आम के पेड़ पर लुंगी से लटकते एक युवक के शव की सूचना दी। वसीम के घर वाले किसी अनहोनी की आशंका में वहां पहुंचे। मौके पर देखा कि वह लाश किसी और की नहीं वसीम की है। शरीर पर नीचे और ऊपर कोई वस्त्र नहीं था। कमर में शर्ट बंधा था। पुलिस और घर वालों का कहना है कि उसने आत्महत्या की है। जिस तरह युवक के शरीर पर कोई वस्त्र नहीं था, उससे आशंका व्यक्त की जा रही है कि हत्या कर शव लटका दिया गया है।
एसओ ओपी चौहान का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने पर मौत की असली वजह की जानकारी होगी।