निचलौल। थाना क्षेत्र के भारत-नेपाल बार्डर पर बृहस्पतिवार को आबकारी और एसएसबी की संयुक्त टीम ने छापा मारकर तस्करी की 900 बोतल नेपाली शराब बरामद कर ली। आरोपी तस्कर मौके से भागने में सफल रहे। नेपाल से शराब की तस्करी कर बिहार भेजा जा रहा था।
आबकारी निरीक्षक वैभव कुमार यादव ने बताया कि उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग भारत-नेपाल के बहुआर बॉर्डर से नेपाली शराब की तस्करी कर बिहार ले जाने के फिराक में है। ऐसे में उन्होंने बॉर्डर पर तैनात एसएसबी को सूचना देकर पिलर संख्या 500 के पास पगडंडी रास्ते की घेराबंदी कर ली। इसी बीच नेपाल की ओर से बॉर्डर पार करते हुए दो बाइक सवार बोरी में सामान लेकर आते दिखे।
जिन्हें संदिग्ध होने पर रोकने का प्रयास किया गया। इसके बाद दोनों बाइक सवार बाइक छोड़ मौके से भागने में सफल रहे। ऐसे में दोनों बाइक पर लदी बोरे की तलाशी ली गई तो 30 पेटियों में 900 बोतल नेपाली शराब बरामद की गई। शराब को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।