जिले के आठ केंद्रों पर 890 कर्मियों को लगा कोरोनारोधी टीका
अधिकारियों ने उत्साह के साथ लगवाए टीके, अन्य लोगों को हौसला भी बढ़ाया
टीका लगवाने के बाद डीएम बोले, कोई परेशानी नहीं, यह पूरी तरह सुरक्षित
1100 लक्ष्य के सापेक्ष 890 कर्मियों को लगा कोरोना रोधी टीका
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। कोरोना रोधी टीका जिले के आठ केंद्रों पर पूरी सतर्कता के साथ लगा। इस बार खास बात यह रही की डीएम ने स्वयं सबसे पहले टीका लगवा कर अन्य कर्मियों का हौसला बढ़ाया। टीका लगाने के बाद डीएम, एसपी बोले कोई परेशानी नहीं है। टीका पूरी तरह से सुरक्षित है। इससे घबराने की जरूरत नहीं है। टीकाकरण के दौरान महिला अस्पताल में काफी देकर चहल पहल रही। क्योंकि इस केंद्र पर जिले के आला अधिकारियों ने उत्साह के साथ कोरोना रोधी टीका लगवाया। अधिकारियों को टीका लगाने के बाद संबंधित कर्मियों ने राहत की सांस ली। शुक्रवार को 1100 कर्मियों को टीका लगाने के लक्ष्य के सापेक्ष 890 कर्मियों को कोरोनारोधी टीका लगा।
महिला अस्पताल में बने बूथ पर जिलाधिकारी डॉ. उज्ज्वल कुमार, पुलिस अधीक्षक प्रदीप गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी पवन अग्रवाल, एडीएम कुंज बिहारी अग्रवाल, ज्वाइंट मजिस्टेट/सदर एसडीएम साई तेजा सीलम, अपर एसडीएम अविनाश कुमार, डीपीआरओ केबी वर्मा, रामप्रवेश ने कोरोना रोधी टीका लगवाया। सभी अधिकारियों ने कहा कि कोरोना रोधी टीका पूरी तरह से सुरक्षित है। सभी कर्मी लगवाए कोई परेशानी नहीं होगी। सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद टीकाकरण हुआ। साथ ही सूचना कोविन पोर्टल पर अपडेट हुई। उच्चाधिकारियों के उत्साह को देखते हुए कर्मियों ने भी टीका लगवाने में जागरूकता दिखाई। इस अवसर पर वैक्सीनेशन कार्ड भी सीएमओ डॉ. अशोक कुमार श्रीवास्तव द्वारा दिया गया। इस दौरान सीएमएस डॉ. एके राय, डॉ. विकास, सीएचसी प्रभारी डॉ. केपी सिंह, नीरज सिंह आदि मौजूद रहे।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघली, मिठौरा, लक्ष्मीपुर, निचलौल, परतावल, नौतनवां, रतनपुर, केएमसी डिजिटल हास्पिटल पर कोरोना रोधी टीका लगा। नगर निकाय के कर्मी, राजस्व एवं पुलिस कर्मियों ने टीका लगवाया।
नौतनवां प्रतिनिधि के अनुसार रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर शुक्रवार की दोपहर एसडीएम प्रमोद कुमार ने टीका लगवाया। डॉ. अमित राव गौतम तथा फार्मासिस्ट धर्मेंद्र शाही की देखरेख में करीब आधे घंटे तक ऑब्जरवेशन रूम में रहे। मिठौरा प्रतिनिधि के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिठौरा के प्रभारी अधीक्षक डॉ. श्याम बाबू ने बताया कि नौ बजे से पांच बजे तक 151 कर्मियों ने कोरोना रोधी टीका लगवाया।
1056 सैंपल की जांच में एक पॉजिटिव मिला
महराजगंज। कोरोना पॉजिटिव की संख्या में कमी आ रही है। शुक्रवार को 1056 सैंपल की जांच में महज एक कोरोना पॉजिटिव मिला। वहीं कोई स्वस्थ नहीं हुआ है। अब तक जिले में कुल केस 5807 हो चुका है। जिसमें महज 7 सक्रिय केस है। स्वास्थ्य होने वालो की संख्या बढ़कर 5709 हो चुकी है। वहीं मरने वालो की अब तक 91 है। लोगों को बचाव के प्रति जागरूक करने के साथ ही जांच तेजी से की जा रही है। उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आईए अंसारी ने कहा कि रिकवरी रेट काफी अच्छा है, लेकिन सभी को बचाव के प्रति सजग रहने की जरूरत है।