परतावल। घुघली थाना क्षेत्र के ग्राम सभा नंदना टोला मंगलपुर निवासी युवक को विदेश भेजने का झांसा देकर एक एजेंट ने 86 हजार रुपये हड़प लिया। पैसा मांगने पर पीड़ित को धमकियां दी जा रहीं हैं। भिटौली पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नंदना गांव निवासी ग्यासुद्दीन ने भिटौली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि कुवैत जाने के लिए उसने भिटौली थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बभनौली निवासी एक एजेंट को 86 हजार रुपये दे दिया। एजेंट ने मेडिकल कराने के लिए लखनऊ भेजा था, जहां मेडिकल कराया गया। मेडिकल में किसी कारण फेल कर दिया गया।
वापस आने पर एजेंट से संपर्क किया और बताया कि मेरा मेडिकल फेल हो गया है, अब मैं कुवैत नहीं जा सकता। मेरा पैसा वापस कर दीजिए। एजेंट ने एक सप्ताह में पैसा वापस करने की बात कही, लेकिन एक वर्ष बीत गया और उसने रकम वापस नहीं की। अब रकम मांगने पर धमकी दे रहा है। थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। सत्यता मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।