महराजगंज। नेपाल सीमा से सटे ग्रामसभा शीतलापुर खेसरा में शनिवार की देर शाम राजस्व विभाग एवं एसएसबी की संयुक्त टीम ने एक घर में छिपाकर रखे 76 बोरी कद्दू बीज बरामद किए। बरामद बीज को कब्जे में लेकर एसएसबी शीतलापुर को सुपुर्द कर दिया गया है। आगे की कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग को सौंपने की तैयारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, इंडो नेपाल सीमावर्ती ग्रामसभा शीतलापुर खेसरा निवासी कर्मेंद्र गुप्ता पुत्र विपिन बिहारी के घर में बड़ी मात्रा में कद्दू बीज छिपाकर रखे जाने की सूचना प्रशासन को मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी सिद्धार्थ गुप्ता व नायब तहसीलदार पियूष जायसवाल, राजस्व विभाग की टीम तथा बीओपी शीतलापुर की एसएसबी टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान घर से कुल 76 बोरी कद्दू बीज बरामद किया गया। अधिकारियों के अनुसार प्रत्येक बोरी का वजन लगभग 40 किलोग्राम है। इस प्रकार बरामद बीज की कुल मात्रा करीब 3040 किलोग्राम बताई जा रही है। बरामदगी के बाद टीम ने बीज को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
उपजिलाधिकारी सिद्धार्थ गुप्ता ने बताया कि घर में छिपाकर रखी गई 76 बोरी कद्दू बीज बरामद किया गया है। इस मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।