छह चीनी मिलों पर 76.74 करोड़ बकाया
महराजगंज। गन्ने की खेती में रुचि रखने वाले जिले के लगभग 25 हजार किसानों का छह चीनी मिलों पर अभी भी कुल लगभग 76.74 करोड़ रुपये बकाया है। किसान चाहते हैं कि बकाए गन्ने के मूल्य का भुगतान अविलंब हो जाए, जिससे कि वे अगली खेती की तरफ ध्यान दे सकें। उनकी समस्याओं को दूर कराने को लेकर गन्ना विभाग द्वारा मिलों के जिम्मेदारों को आवश्यक निर्देश दिया गया है।
कोरोना के इस संक्रमण काल में कृषि कार्य को छोड़ दिया जाए तो शेष अन्य कार्य पूर्णत: प्रभावित हुए हैं। मिल पर गन्ना गिराने के बाद धनराशि खाते में आने का किसान इंतजार कर रहे हैं। छह मिलों पर जिले के गन्ना किसानों का कुल 168.46 करोड़ रुपये बकाया था, जिसके सापेक्ष मिलों द्वारा 19 मई 2020 तक 91.71 करोड़ का भुगतान किया जा चुका है। किसानों को अभी भी बकाया 76.74 करोड़ रुपये का इंतजार है। जिला गन्ना अधिकारी जगदीश चंद्र यादव ने बताया कि किसानों के बकाया गन्ना मूल्य के भुगतान को लेकर चीनी मिलों के जिम्मेदारों को दिशानिर्देश जारी किया गया है। भुगतान की स्थिति के सुधरने की संभावना है।