गेहूं तौल के लिए किसान नहीं ले रहे पंजीकरण में रुचि
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। अधिक से अधिक किसानों को समर्थन मूल्य योजना का लाभ मिल सके, इसके लिए पंजीकरण जरूरी है। इसके बावजूद गेहूं तौल के लिए पंजीकरण कराने में ज्यादा किसान रुचि नहीं ले रहे हैं। पिछले साल जिले के कुल दो लाख 19 हजार किसानों में से 27,348 ने ही गेहूं तौल कराया था जबकि इस वर्ष गेहूं तौल कराने के लिए अभी तक मात्र 1,711 किसानों ने ही पंजीकरण कराया है।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि केंद्रों पर पहले पंजीकरण कराने वाले किसानों के गेहूं का तौल पहले होगा। सहूलियत के लिए किसान केंद्रों पर जल्द से जल्द पंजीकरण करा लें। ताकि उनके गेहूं का तौल पहले हो सके। उन्होंने बताया कि पहली अप्रैल से समर्थन मूल्य के तहत गेहूं खरीद शुरू हो जाएगी। गेहूं खरीद के लिए जिले में 134 केंद्र बनाए गए हैं। इन सभी केंद्रों पर तौल के लिए इंतजाम किए जा रहे हैं। अभी और केंद्र बढ़ाए जाने की संभावना है। उन्होंने बताया कि गेहूं तौल के बाबत पंजीकरण कराने के लिए कृषि विभाग ने एसएमएस के जरिए किसानों को आगाह भी किया है लेकिन अब भी पंजीकरण में तेजी नहीं आ पाई है। गेहूं खरीद के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष खोला गया है। जिसका नंबर 7839565010 है। सुनील कुमार (वरिष्ठ लिपिक) को इसका प्रभारी बनाया गया है। इस नंबर पर डायल कर कोई भी किसान गेहूं क्रय संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकता है। किसान शिकायत दर्ज कराने के लिए भी फोन कर सकते हैं।