परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार की शाम में एक चार वर्षीय बच्ची से छेड़छाड़ के आरोप में ग्रामीणों ने 70 वर्षीय बुजुर्ग की जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित करते हुए भीड़ से पीट रहे बुजुर्ग को निकालकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल भेजा।
आरोप है कि श्यामदेउरवा थानाक्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक चार साल की बच्ची के साथ बुजुर्ग छेड़छाड़ कर रहा था। परिजन को जानकारी हुई तो परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। बच्ची की दादी ने सबसे पहले बुजुर्ग को पकड़कर उसकी पिटाई शुरू कर दी। इसके बाद अन्य ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और बुजुर्ग की पिटाई शुरू कर दी। इससे काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। घटना की सूचना मिलते ही श्यामदेउरवा व भिटौली थाने की पुलिस पहुंची और भिड़ से पीट रहे बुजुर्ग को निकाला और इलाज के लिए सीएचसी परतावल भेज दिया। वहीं पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों व परिजन को शांत किया।
पुलिस ने मासूम बच्ची को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए परतावल चौकी ले गई और परिजन से घटना के बारे में पूछताछ की। साथ ही पुलिस ने बच्ची और उसके परिजन के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एसओ सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि मामले में प्राप्त तहरीर की जांच की जा रही है। जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।