बच्चों की सुरक्षा में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
फिटनेस-बीमा और फर्स्ट एड बॉक्स की हुई जांच
महराजगंज। स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने बुधवार को जिलेभर में स्कूल बस और वैन के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 462 स्कूली वाहनों की जांच की गई। सुरक्षा मानकों और यातायात नियमों का पालन नहीं करने पर 63 वाहनों के चालान किए गए।
पुलिस टीमों ने स्कूल वाहनों की फिटनेस, बीमा, परमिट व अन्य जरूरी अभिलेखों के साथ फर्स्ट एड बॉक्स और सुरक्षा उपकरणों की जांच की। जांच के दौरान जिन वाहनों में निर्धारित मानकों का उल्लंघन मिला, उनके खिलाफ कार्रवाई की गई।
एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। स्कूल संचालक यह सुनिश्चित करें कि बच्चों को ले जाने वाले वाहनों की फिटनेस और बीमा वैध हो, सभी अभिलेख पूरे हों और फर्स्ट एड बॉक्स समेत जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध रहें। मानकों की अनदेखी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।