महराजगंज। बृजमनगंज क्षेत्र की पुलिस ने कच्ची शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार की रात लोढ़पुरवां जंगल के पास ताल के किनारे छापे की कार्रवाई कर जांच की। छापे की कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कच्ची शराब बनाने की करीब आधा दर्जन भट्ठियां तोड़ दिया। इस दौरान पुलिस ने 50 क्विंटल लहन भी नष्ट किया। छापे की कार्रवाई के दौरान 200 लीटर कच्ची शराब भी बरामद किया गया।
थाना क्षेत्र बृजमनगंज के लोढ़पुरवा जंगल में स्थित ताल के किनारे बड़े पैमाने पर कच्ची शराब के कारोबार की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना के आधार पर थाने के उपनिरीक्षक कुबेर तिवारी ने बीती पुलिस पुलिस टीम के साथ छपेमारी की। पुलिस के पहुंचने की भनक कारोबारियों को कहीं से लग गई। इससे कच्ची शराब बनाने वाले जलती भट्ठियों को छोड़कर मौके से भाग गए। छापे की कार्रवाई के दौरान इतने बड़े पैमाने पर कच्ची शराब बनाने की व्यवस्था देख पुलिस दंग रह गई। इस दौरान पुलिस ने करीब 50 क्विंटल लहन नष्ट कर दिया। साथ ही पुलिस टीम ने छह भट्ठियां भी तोड़ी। मौके से शराब बनाने के उपकरण भी मिले। साथ ही करीब 200 लीटर कच्ची शराब भी बरामद हुआ। थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र कुमार राय ने बताया कि क्षेत्र में कच्ची शराब बनाने व बिक्री करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।