6, 114 लोगों को टीका लगाया गया
महराजगंज। कोरोनारोधी टीका लगवाने के लिए लोगों में जागरूकता बढ़ी है। लिहाजा केंद्रों पर लोगों की भीड़ लग रही है। पहले टीका लगवाने की होड़ में कतारों में धक्का-मुक्की भी होने लगती है। बुधवार को महिला अस्पताल में सुबह 9 बजे ही लोगों की भीड़ ज्यादा लग गई। लंबी कतारों में खड़े लोगों को टीका लगवाने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। जिले में 6,114 लोगों को कोरोना रोधी टीका लगाया गया।
महिला अस्पताल में टीका लगवाने के लिए अधिक संख्या में लोग पहुंचे। बुधवार को सुबह 8 बजे से ही यहां लोगों के आने का क्रम शुरू हो गया। दोपहर तक इतनी भीड़ हो गई कि कोई ठीक ढंग से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। किसी तरह घंटों इंतजार के बाद लोगों ने टीका लगवाया। इस तरह से ग्रामीण क्षेत्र में केंद्रों पर भीड़ होने से टीका लगवाने के लिए लोगों को परेशान होना पड़ा। चौक बाजार प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय न्यू पीएचसी पर सुबह से ही कोरोनारोधी टीका लगवाने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। कोरोना टीका लगवाने के लिए धूप में भी लोग खड़े रहे।
सीएमओ डॉ. एके श्रीवास्तव ने कहा कि टीका लगाने के लिए सभी केंद्रों पर बेहतर व्यवस्था है। केंद्रों पर तैनात सभी कर्मियों को दायित्व के प्रति सजग रहने की हिदायत दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने ली राहत की सांस, कोरोना मुक्त हुआ जिला
महराजगंज। जिले में कोरोना का केस बीते तीन दिन से नहीं मिल रहा है। वहीं दो दिन से सक्रिय केस भी नहीं है। ऐसे में जनपद कोरोना मुक्त हो गया है। इससे स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है। वहीं, बचाव के प्रति लोगों को सचेत रहने की नसीहत दी जा रही है।
यह जानकारी देते हुए उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आईए अंसारी ने बताया कि इन दिनों जिला कोरोना मुक्त हो गया है। क्योंकि जिले में कोई कोरोना सक्रिय केस नहीं है। अब तक जिले में 12,439 केस सामने आ चुके हैं जिसमें मरने वालों की संख्या 140 है। स्वस्थ होने वालों की संख्या 12,298 हो चुकी है। उन्होंने कहा कि बुधवार को 858 सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। विभाग की ओर से गठित टीमें लोगों को बचाव के प्रति जागरूक करती है। जिले में अधिक से अधिक लोगों की जांच करने का प्रयास जारी है।