60,569 किसानों में बंटेगा शेयर प्रमाणपत्र
महराजगंज। गन्ना विभाग की ओर से जिले में चिह्नित 60,569 गन्ना किसानों को जल्द ही शेयर प्रमाणपत्र दिया जाएगा। इसके लिए विभाग ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। शासन स्तर पर मुख्यमंत्री की ओर से औपचारिक शुरुआत किए जाने के उपरांत सभी किसानों को शेयर प्रमाणपत्र वितरित कर दिया जाएगा।
जिले में वैसे तो कुल 1,35,000 गन्ना किसान हैं। विभागीय व्यवस्था के तहत कोई भी गन्ना किसान 200 रुपये का शुल्क जमा कर विभाग में शेयर धारक हो सकता है। अब तक विभाग में सक्रिय रूप से कुल 60,569 किसान ही शेयरधारक के रूप में चिह्नित हैं। विभाग की ओर से जल्द ही इन्हें शेयर का प्रमाणपत्र दिए जाने की व्यवस्था संबंधी तैयारी शुरू कर दी गई है। पात्रता को ध्यान में रखते हुए जिन शेयरधारकों को अभी प्रमाणपत्र दिए जाने का निर्णय लिया गया है, उनमें सिसवां समिति के 26,100 किसान, गड़ौरा समिति के 20,534 किसान, फरेंदा समिति के 11,870 किसान एवं बृजमनगंज समिति के 2,065 किसान चिह्नित हैं। भविष्य में जैसे-जैसे किसान शेयर धारक बनेंगे। वैसे-वैसे उन्हें शेयर प्रमाणपत्र वितरित किए जाने का कार्य किया जाएगा।
कोट
गन्ना विभाग की ओर से 60,569 किसानों को शेयर प्रमाणपत्र दिए जाने की व्यवस्था बनाई जा रही है। शासन स्तर से तिथि घोषित होते ही किसानों को प्रमाणपत्र वितरित कराया जाएगा।
-जगदीश चंद्र यादव, जिला गन्ना अधिकारी