सोनौली। नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसएसबी की 22वीं वाहिनी की ‘बी’ समवाय ने बुधवार शाम एक नेपाली नागरिक के कब्जे से 600 ग्राम चरस जैसा संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद किया। आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई के बाद नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी), क्षेत्रीय मुख्यालय गोरखपुर को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की देर शाम सोनौली सीमा पर नियमित बस चेकिंग के दौरान यात्रियों और उनके सामान की एक्स-रे जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक नूडल्स के गत्ते में संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। गत्ते की तलाशी लेने पर टेप से लिपटा एक पैकेट बरामद हुआ। पैकेट खोलने पर उसमें चरस जैसा संदिग्ध पदार्थ मिला, जिसका इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर 600 ग्राम पाया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से नेपाली मुद्रा 11,200 रुपये और भारतीय मुद्रा 320 रुपये भी बरामद हुई। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान 31 वर्षीय धीरेन्द्र धर्ती मगर, निवासी ग्राम निसी, जिला बाग्लुङ, गण्डकी प्रदेश, नेपाल के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने कथित रूप से यह संदिग्ध चरस गण्डकी प्रदेश के पंचासे निवासी रोशन नामक व्यक्ति से खरीदी थी। उसके अनुसार, वह इसे सोनौली सीमा के रास्ते दिल्ली और फिर शिमला ले जाकर बेचने की योजना थी।
सहायक कमांडेट प्रिया यादव ने बताया कि बरामद संदिग्ध मादक पदार्थ और अन्य सामग्री को जब्त कर आवश्यक कार्रवाई पूरी कर बुधवार को आरोपी और बरामद सामग्री सहित अग्रिम कार्रवाई के लिए नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, क्षेत्रीय मुख्यालय गोरखपुर को सौंप दिया गया।