खनुआ। सशस्त्र सीमा बल 66वीं वाहिनी के बीओपी हरदीडाली के जवानों ने गश्त के दौरान भारत-नेपाल सीमा पर बाइक और साइकिल सहित 6 यूरिया खाद बरामद कर अग्रिम कार्यवाही के लिए नौतनवा कस्टम को सौंप दिया।
बताया गया है कि सशस्त्र सीमा बल बीओपी हरदीडाली के इंस्पेक्टर राजीव कुमार के नेतृत्व में जवान सीमा पर गश्त कर रहे थे। इसी बीच मुखबिर के जरिए सूचना मिलने पर हरदीडाली गांव के पास पहुंचे। वहां कुछ लोग बाइक और साइकिल से खाद लेकर भारतीय क्षेत्र से नेपाल की ओर जाते दिखाई दिए। जवानों ने उन्हें पकड़ने के लिए दौड़ाया तो आरोपी बाइक, साइकिल समेत 6 बोरी यूरिया खाद छोड़कर भागने लगे। जवानों ने एक आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राजेश निवासी हरदीडाली बताया। जवानों ने मौके से बरामद 6 बोरी यूरिया खाद, एक बाइक और एक साइकिल और एक आरोपी को अग्रिम कार्यवाही के लिए नौतनवा कस्टम को सौंप दिया है।