लीड बैंक की अगुवाई में हुआ कार्यक्रम, सदर विधायक रहे अतिथि
महराजगंज। विकास भवन सभागार में बुधवार मेगा क्रेडिट कैंप लीड बैंक मैनेजर भूपेंद्र मिश्र की अगुवाई में आयोजित किया गया। कैंप में विभिन्न विभागों व बैंकों के सामंजस्य से ऋण वितरण किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि सरकार के प्रयासों ने समाज के प्रत्येक व्यक्ति को लाभ देने का काम किया है। यह हमारे सरकार की उपलब्धि है कि हर हाथ को काम दिया गया जिससे लोगों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है। हम इसे और आगे बढ़ाकर तरक्की को मजबूत करेंगे। डीएम संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि बैंक बिना कारण ऋण आवेदनों को अस्वीकार न करें। अगर इस तरह की शिकायत मिली तो संबंधित बैंक को बैड इंट्री दी जाएगी। इसलिए प्रयास करें कि प्रत्येक आवेदक संतुष्ट रहे। कार्यक्रम में कुल 572 लाभार्थियों को 1296.69 लाख रुपये के ऋण प्रपत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में सीडीओ महेंद्र प्रताप सिंह, डीपीआरओ श्रेया मिश्रा, डीडीओ भोलेनाथ कन्नौजिया, उपायुक्त उद्योग सहित अन्य मौजूद रहे।