परतावल/ भिटौली। भिटौली थाना क्षेत्र के विशुनपुरा कामता बुजुर्ग मार्ग पर 555 गैंग के आधा दर्जन से अधिक गुर्गों ने फिर दहशत फैलाई। ट्रैक्टर लेकर जा रहे चालक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पाकर मौके पर पहुंचे ट्रैक्टर चालक के परिजन उसे इलाज के लिए महराजगंज ले गए। हालत गंभीर देख डाॅक्टरों ने उसे गोरखपुर रेफर कर दिया। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मामले में आठ लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला करने सहित कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, भिटौली थाना क्षेत्र के ग्राम सभा विशुनपुरा निवासी राधेश्याम वर्मा ने बताया कि बुधवार की रात लगभग आठ बजे उनका बेटा शशिकांत ट्रैक्टर-ट्राॅली लेकर गेहूं लाने जा रहा था। आरोप है कि अभी वह गांव के बाहर पहुंचा था कि गांव के गोलू शर्मा के कहने पर कामता निवासी अमित राव, सन्नी राव, आशीष राव, विनय राव, विष्णु राव, रवि राव व फिरोज अली ने हाथों में पंच, लोहे का राॅड व अन्य धारदार हथियारों से गाली-गलौज करते हुए जानलेवा हमला कर दिया।
इससे शशिकांत का सिर फट गया। कारण पूछने पर आरोपी खुद को गोलू शर्मा का सहयोगी और 555 गैंग का सदस्य बताते हुए मारते-पीटते रहे। शशिकांत के अचेत हो जाने पर गोलू शर्मा जिंदाबाद का नारा लगाते हुए फरार हो गए। सूचना मिलने पर राधेश्याम मौके पर पहुंचे और शशिकांत को इलाज के लिए महराजगंज ले गए, जहां हालत गंभीर देख डाॅक्टरों ने गोरखपुर रेफर कर दिया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा के अनुसार, मामले में आठ नामजद लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला करने, उकसाने, धमकी देने समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच-पड़ताल की जा रही है।