लखनऊ समिट में प्रतिभाग करेंगे 35 उद्यमी
पांच उद्यमी समिट में लगाएंगे स्टॉल, 30 सीखेंगे बेहतर व्यवसाय का गुर
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। एक जिला एक उत्पाद कार्यक्रम के तहत आगामी 9 अगस्त को लखनऊ में समिट प्रस्तावित है। इस समिट में जिले के कुल 35 उद्यमी प्रतिभाग करेंगे। इन 35 उद्यमियों में पांच उद्यमी जहां स्टाल लगाएंगे, वहीं 30 उद्यमी अपने व्यवसाय को बेहतर बनाने का गुरू सीखेंगे। इस प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला उद्यम प्रोत्साहन केंद्र ने अभी से कसरत शुरू कर दिया है। समिट में प्रतिभाग करने वाले उद्यमियों का भी चयन कर लिया गया है।
एक जिला एक उत्पादन को लेकर शासन स्तर से पूर्व में भी समिट कराया गया था। उसमें महराजगंज जनपद के फर्नीचर उद्योग का चयन किया गया। यहां केे गौरीशंकर ने लखनऊ में फर्नीचर की चमक दिखाई थी। इस बार के समिट में जो पांच उद्यमी स्टॉल लगाएंगे, वह सभी फर्नीचर उद्योग से जुड़े हैं। इनमें घुघली के अभिनव जायसवाल, गांगी बाजार के महेंद्र प्रताप यादव, खैंचा के सुनील सिंह, बसहिया बुजुर्ग के रामअशीष गुप्ता तथा बैकुुंठपुर के गौरीशंकर गुप्ता शामिल हैं। इसी प्रकार जिन 30 उद्यमियों को व्यवसाय के बेहतरी के लिए गुर सीखने जाना है, उनमें शशिकला, जमालुद्दीन, बैंकेश्वर शर्मा, आदित्य कुमार, दिनेश यादव, मुकेश कुमार, मुकुल कुमार, संदीप सिंह, पप्पू अग्रहरि, जयप्रकाश आर्य, राजकुमार, जयहिंद, शेषमणि, रिंकू, अमित मिश्रा, कांति, राकेश, रीना यादव, मधुसूदन, मोहम्मद रफीक, सावनी देवी, चिनाका, संजय कुमार, प्रेमचंद, महेंद्र, अतीक, सनाउल्लाह व जितेंद्र के नाम शामिल हैं।
इस संबंध में जिला उद्योग केंद्र के उपायुक्त गिरीश चंद श्रीवास्तव ने बताया कि समिट का आयोजन 9 अगस्त को प्रस्तावित है। इस कार्यक्रम में भेजे जाने के लिए 35 उद्यमियों का चयन किया गया है। इन सभी को लखनऊ में रहने व भोजन आदि की व्यवस्था की गई है। महराजगंज में लकड़ी की पर्याप्त उपलब्धता है। यहां पर फर्नीचर उद्योग परंपरागत उद्योग है। इस उद्योग से जिले में 1034 लोग जुड़े हैं। एक जिला एक उत्पाद कार्यक्रम में महराजगंज से फर्नीचर उद्योग को ही लिया गया है। ऐसे में अगर कोई भी उद्यमी एक उद्योग को बढ़ाना या शुरू करना चाहता है तो उसे बैंक से ऋण दिला कर सहयोग किया जाता है।