जिला कारागार पहुंचे नगालैंड के पूर्व मंत्री
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। बाथरूम का वीडियो वायरल होने के मामले में जेल में बंद एवरेस्ट इंग्लिश स्कूल की प्रधानाचार्य आखो पूरो से बुधवार को नगालैंड के पूर्व गृह राज्यमंत्री थेनुचो ने मुलाकात की। पूर्व मंत्री ने आखो पूरो से करीब 40 मिनट तक बातचीत की और घटना की जानकारी ली। पूरो नगालैंड की रहने वाली हैं। इस मामले में स्कूल के दो पूर्व शिक्षक भी जेल में हैं, जबकि पुलिस मामले के मुख्य आरोपी को अभी गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
नगालैंड के पूर्व मंत्री थेनुचो बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे और एडीएम न्यायिक से मुलाकात कर वीडियो कांड की जानकारी हासिल की। एडीएम से 20 मिनट की बातचीत के बाद पूर्व मंत्री लोक निर्माण विभाग के डाक बंगला पहुंचे। यहां से वे जिला कारागार पहुंचे और जेल में बंद एवरेस्ट इंग्लिश स्कूल की प्रधानाचार्य से मिले। जेल सूत्रों ने बताया कि पूर्व मंत्री ने करीब 40 मिनट तक आखो पूरो से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। सूत्रों के अनुसार आखो पूरो की छोटी बहन अटानी पूरो और इस प्रकरण में तहरीर देने वाला शख्स भी पूर्व मंत्री के साथ जिला कारागार पहुंचे थे। जेल में मुलाकात के बाद पूर्व मंत्री पड़री स्थित एवरेस्ट इंग्लिश स्कूल पहुंचे और उपस्थित स्टाफ से बातचीत की। इस दौरान एलआईयू के कुंज विहारी, विमलेश कुमार, नगर चौकी इंचार्ज बृजेश सिंह, सिसवा मुंशी चौकी इंचार्ज संजय शाही, सिंदुरिया चौकी इंचार्ज राजेश कुमार मिश्रा आदि मौजूद रहे। कोतवाल रामदवन मौर्य ने बताया कि नगालैंड के पूर्व मंत्री थेनुचो आए थे। वायरल वीडियो के मामले में जिला कारागार में बंद आरोपी प्रधानाचार्य से मुलाकात की। साथ ही उन्होंने पूरी घटना के बारे में जानकारी ली।