मुजुरी। गुरुवार को आंध्रा बैंक शाखा पनियरा के एटीएम पर रुपये की हेराफेरी में एक शख्स पकड़ लिया गया जबकि दूसरा फरार हो गया। पकडे़ गए शख्स को लोगों ने जमकर धुनाई कर पुलिस को सौंप दिया।
हेमछापर गांव के बरई टोला निवासी राम मिलन चौरसिया एटीएम से दस हजार रुपये निकाल रहे थे। इसी बीच एकाएक सर्वर डाउन हो गया। रकम नहीं निकली तो पहले से मौजूद दो युवक कहने लगे कि आप का एटीएम कार्ड खराब हो गया है। इसको सही कराना पड़ेगा और आप हट जाइए। हमको भी रुपया निकालना है। इतने में सर्वर की गड़बड़ी ठीक हो गई तो दस हजार रुपये निकल गए। युवक रकम को जेब में रख रहा था, तभी राम मिलन चौरसिया के मोबाइल पर दस हजार रुपये निकलने का मैसेज आ गया। केबिन से बाहर निकल रहे युवक को राम मिलन ने रोका तो उसने दो थप्पड़ मार कर भागना चाहा। वहां पर मौजूद लोगों ने दौड़ा कर एक को पकड़ लिया। धुनाई के बाद पैसा वापस किया। उसने अपना नाम अर्जुन निषाद पुत्र विद्यासागर निषाद निवासी चिलबिलवा चौकी भटहट जिला गोरखपुर और फरार साथी का नाम साहिल पुत्र भगवानदास निवासी सेमरा चौकी भटहट जिला गोरखपुर बताया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बाइक के साथ उसे थाने पर ले गई। थानाध्यक्ष पनियरा ओपी चौहान ने बताया कि युवक को हिरासत में ले लिया गया है। पूछताछ की जा रही है।