क्षेत्र पंचायत की बैठक में 50 करोड़ का प्रस्ताव पारित
घुघली। स्थानीय ब्लॉक सभागार में बुधवार को क्षेत्र पंचायत की बैठक में गांवों के विकास कार्यों को लेकर वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए 50 करोड़ रुपये के प्रस्ताव पर मुहर लगी। बैठक में विकास खंड द्वारा संचालित समस्त योजनाओं के क्रियान्यवन पर अधिक जोर दिया गया। गांवों में स्वच्छ पेयजल, निशुल्क बोरिंग, शौचालय, प्रधानमंत्री आवास जैसी योजनाओं के तहत प्रत्येक पात्र व समाज में अंतिम पायदान तक लाभ पहुंचाने पर विचार किया गया।
मुख्य अतिथि पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं के शत-प्रतिशत क्रियान्यवन पर जोर दिया जा रहा है। ब्लाक प्रमुख रीता देवी ने कहा कि क्षेत्र को विकसित बनाने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है। भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष जनार्दन प्रसाद गुप्त, प्रधान संघ के मंडल अध्यक्ष विजय कुमार मिश्र, प्रमुख प्रतिनिधि ओमप्रकाश जायसवाल आदि ने विचार व्यक्त किया।
संचालन श्यामसुंदर शर्मा ने किया। इस दौरान खंड विकास अधिकारी अजय कुमार श्रीवास्तव, दिनेश जायसवाल, नागेंद्र पटेल, बालेश्वर सिंह, ग्राम प्रधान चतुर्भुजा सिंह और चंद्रशेखर सिंह आदि उपस्थित थे।