महराजगंज। कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में मंगलवार को बैठक हुई। ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्विभागीय समन्वय से विभिन्न मानकों पर परिषदीय विद्यालयों और उनमें स्थापित आंगनबाड़ी केंद्रों के संतृप्तीकरण पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि 50 परिषदीय विद्यालयों को मॉडल विद्यालय बनाया जाएगा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विद्यालयों के निरीक्षण और आवश्यक कार्यों की जानकारी ली। कहा कि संबंधित अधिकारी ऑपरेशन कायाकल्प के सभी 19 पैरामीटर पर विद्यालयों का संतृप्तीकरण करें। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त विद्यालयों को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने के दृष्टिगत आवश्यक कार्यों को कराने के निर्देश दिए। कहा कि चयनित विद्यालयों में वृक्षारोपण, इंटरलॉकिंग, रैंप, कक्षाओं में ज्ञानवर्धक वॉल पेंटिंग, बेहतर प्रकाश व्यवस्था आदि को सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों में ज्यादा से ज्यादा छात्र–छात्राओं का नामांकन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बीएसए और डीपीआरओ को सभी अधिकारियों के साथ समन्वय करते हुए विद्यालयों के कायाकल्प में आवश्यक सहयोग देने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी द्वारा जनपद के 50 परिषदीय विद्यालयों को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने के लिए 50 अधिकारियों को गोद दिया गया है। संबंधित अधिकारियों द्वारा चयनित विद्यालयों में आधारभूत संरचना और शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार को सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अनुराज जैन, अपर जिलाधिकारी डॉ पंकज कुमार वर्मा, डीसी मनरेगा करुणाकर अदीब, पीडी राम दरश चौधरी, सीएमओ डॉ. दिलीप सिंह, बीएसए श्रवण कुमार गुप्ता, एआर कॉपरेटिव सुनील गुप्ता, एसडीएम सदर रमेश कुमार मौजूद रहे।