महराजगंज। बरगदवां थाना क्षेत्र के ग्राम चकरार निवासी तीर्थराज प्रसाद को पेंशन अपडेट का लालच देकर साइबर ठगों ने उनके खाते से 4.34 लाख रुपये उड़ा लिए। घटना 27 फरवरी के शाम की बताई जा रही है। पीड़ित ने साइबर सेल प्रभारी को प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। साइबर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तीर्थराज ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने उनके मोबाइल पर फोन कर खुद को पेंशन विभाग का अधिकारी बताया। उसने पीड़ित का नाम, पीपीओ नंबर और अन्य दस्तावेजों का जिक्र कर कहा कि आपका पेंशन अपडेट हो रहा है। मैं जो कह रहा हूं उसके अनुसार आप करते जाइए नहीं तो पेंशन बंद हो जाएगा।
तीर्थराज प्रसाद उसके बताए अनुसार अपने खाते का विवरण देते चले गए। कुछ ही देर बाद उनके खाते से 4.34 लाख रुपये की राशि ट्रांसफर हो गई। रुपये कटने का मैसेज आने के बाद उनको ठगी का पता चला। पीड़ित तीर्थराज प्रसाद ने रविवार को साइबर सेल प्रभारी को प्रार्थना पत्र सौंपा। साइबर थाना प्रभारी सजनू यादव ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।