10 को मनाया जाएगा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस
ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षकों को दिया गया प्रशिक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। जिले में 10 अगस्त को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस को सफल बनाने के लिए सीएमओ कार्यालय परिसर में प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान एक से 19 वर्ष तक के लोगों को पेट में कीड़े मारने की दवा पिलाने के बारे में जानकारी दी गई। इसमें ब्लॉक स्तर के प्रशिक्षकों को कार्यक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
एसीएमओ डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि यहां मिलने वाली जानकारी प्राप्त कर प्रशिक्षक आशा, आंगनबाड़ी और शिक्षकों को इस बारे में अवगत कराएंगे। राष्ट्रीय कृमि दिवस के दिन एक वर्ष से 19 वर्ष तक के लोगों को कीड़े मारने की दवा दी जाएगी। उन्होंने दवा देते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सभी सीएचसी अधीक्षक दवा वितरित करते समय उसकी गुणवत्ता व समयावधि की जांच के बाद ही शिक्षक, आशा, एएनएम व आंगनबाड़ी को देंगे। उन्होंने आगाह किया कि लापरवाही की बात सामने आने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिला समन्वयक किशोर स्वास्थ्य मिशन शिवेंद्र श्रीवास्तव ने राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया जिले के सभी सीएचसी, पीएचसी अधीक्षक, एबीएसए और सीडीपीओ द्वारा ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिसमें शिक्षक, आंगनबाड़ी, आशा प्रतिभाग करेंगे। प्रशिक्षण में डॉ.राकेश कुमार श्रीवास्तव, डॉ.अशोक, डॉ.विराट, बीसीपीएम लवली वर्मा, कालिंदी, सुनैना, प्रदीप आदि मौजूद रहे।