निचलौल। क्षेत्र स्थित ओडवलिया गांव स्थित गेहूं की खरीदारी करने वाले गोदाम पर शुक्रवार को नोडल अधिकारी विपणन निरीक्षक पंकज सिंह की अगुवाई में टीम ने छापा मारा। जांच में गोदाम में रखा 38 क्विंटल संदिग्ध गेहूं बरामद की गई।
गोदाम संचालक को नोटिस जारी कर तीन दिन के अंदर जवाब मांगा गया है। नोडल अधिकारी विपणन निरीक्षक पंकज सिंह ने बताया कि सूचना के आधार पर ओडवलिया चौराहे पर संचालित मेसर्स पशुराम ट्रेड्स कंपनी के गोदाम पर छापा मारा गया।
फर्म के प्रोपराइटर सिंटू चौहान मौके पर मौजूद मिले। जांच में पता चला कि प्रति 60 किलो वजन के 640 बोरी में कुल 384 क्विंटल गेहूं रखा गया है। उक्त गेहूं का ऑनलाइन पोर्टल पर स्टॉक रजिस्टर से सत्यापन किया गया। वहीं सत्यापन में 577 बोरी में कुल 346 क्विंटल गेहूं दर्ज पाया गया। जबकि शेष बचे 38 क्विंटल गेहूं का 6आर जारी नहीं पाया गया।
उक्त मामले में फर्म के प्रोपराइटर को नोटिस देकर तीन दिन के अंदर सटीक जवाब को समिति कार्यालय में उपलब्ध कराने के लिए सख्त चेतावनी दी गई है। ऐसा नहीं होने पर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। इसी क्रम में इन्होंने कहा कि एक पिकअप पर लदी 28 बोरी गेहूं को ठूठीबारी सड़क से बरामद किया गया। जिस मामले में कृषि उत्पादन मंडी समिति की ओर से गिरिजेश सिंह निवासी डिगही के नाम से 5665 रुपये का जुर्माना लगाकर छोड़ दिया गया।