महराजगंज। नेपाल सीमा क्षेत्र में सुरक्षाकर्मियों ने बुधवार को कुल 38 बोरी खाद बरामद की। बरामद खाद को सुरक्षाकर्मियों ने कस्टम को सौंप दिया। इस कार्रवाई से सीमा क्षेत्र में तस्करों में हड़कंप मच गया है। सुरक्षाकर्मियों ने खनुआ में 17, नौतनवा में सात और ठूठीबारी में 14 बोरी यूरिया बरामद की है। खनुआ प्रतिनिधि के अनुसार, सोनौली पुलिस और एसएसबी जवानों ने बुधवार को नेपाल में तस्करी के लिए रखी 17 बोरी यूरिया खाद बरामद कर कस्टम नौतनवा को सौंप दिया। खनुआ चौकी प्रभारी अभिषेक जायसवाल ने बताया कि हरदीडाली स्थित मुर्गी फार्म के पीछे से 7 बोरी यूरिया खाद लावारिस हालत में बरामद किया गया।
उधर, सशस्त्र सीमा बल 66वीं वाहिनी के बीओपी सुंडी के जवानों ने सूचना के आधार पर नेपाल सीमा के पास से 10 बोरी यूरिया खाद बरामद किया। उप कमांडेंट अपूर्वा आनंद ने बताया कि सुंडी बीओपी के जवान प्रतिदिन की तरह गश्त पर निकले थे। इसी बीच कुछ लोग सुंडी गांव के दक्षिण बगीचे में खाद एकत्रित कर रहे थे। जवान मौके पर पहुंचे तो उन्हें देखकर खाद एकत्रित कर रहे तस्कर फरार हो गए। बाद में बोरे की गिनती कराने पर 10 बोरी यूरिया खाद बरामद हुई।
नौतनवा प्रतिनिधि के अनुसार, बुधवार की सुबह क्षेत्र के बैरिहवा स्थित अमलहवा पुल के पास से खाद की तस्करी करते एक व्यक्ति को साइकिल व खाद समेत हिरासत में ले लिया गया। थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान रामनाथ निवासी बोगणी जिला रूपनदेही नेपाल को साइकिल से खाद की तस्करी करते पकड़ा गया। वहीं अन्य तस्कर मौके से फरार हो गए। बरामद सात बोरी यूरिया एवं दो साइकिल को जब्त कर कस्टम कार्यालय नौतनवा को सुपुर्द कर दिया गया। ठूठीबारी प्रतिनिधि के अनुसार, पुलिस ने नेपाल में तस्करी के लिए ले जाई जा रही 14 बोरी यूरिया खाद बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 9 दिसंबर को राजाबारी टोला, टडहवा नेपाल बार्डर के पास नौ बोरी यूरिया बरामदगी की। कोतवाली प्रभारी महेंद्र मिश्रा ने बताया कि टीम ने भरवलिया रोड पर दो साइकिलों पर खाद ले जाते समय लोगों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही आरोपी साइकिल पर लदी 2 बोरी खाद गिराकर नेपाल सीमा में भागने में सफल हो गए। वहीं दूसरे को 3 बोरी यूरिया खाद के साथ मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने कुल 14 बोरी यूरिया खाद कब्जे में लेकर कस्टम कार्यालय ठूठीबारी को सौंप दिया।