अधिकतम 29 तो न्यूनतम 24 रहा तापमान
महराजगंज। पिछले दो दिनों से हो रही बारिश से जनपदवासियों को गर्मी से राहत मिली है। बृहस्पतिवार को मौसम कुछ अधिक मेहरबान रहा और दिन में लगभग तीन बार हल्की बारिश तेज हवाओं के बीच हुई जिससे अधिकतम तापमान 29 तो न्यूनतम 24 डिग्री रिकार्ड किया गया। बुधवार सुबह 08:30 बजे से बृहस्पतिवार 08:30 बजे तक महराजगंज में 3.5 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। मौसम विभाग के मुताबिक यह दौर अगले दो दिन तक तराई में बना रहने वाला है।
जून के शुरुआती सप्ताह में मौसम लगभग 5 जून से कुछ बदला तो तापमान में कमी आने का सिलसिला प्रभावी हुआ। इसके बाद लगभग हर दिन जनपद के किसी न किसी भाग में आंधी व हल्की बारिश की स्थिति बनी फिर भी जनपद का अधिकतम तापमान 35 डिग्री के आसपास ही रहा। लेकिन बृहस्पतिवार को जनपद के लगभग सभी हिस्सों में तेज हवा(आंधी) संग बारिश हुई। हालांकि यह दौर 20 से 30 मिनट ही रहा, लेकिन इतने समय सीमा में भी राहत देने वाला साबित हुआ और अधिकतम तापमान नीचे आया जिससे उमस भरी गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार व शनिवार मौसम इसी तरह बने रहने के अनुमान हैं।
वर्जन
प्री मानसून की स्थितियों व पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के बीच पूवी यूपी में हल्की बारिश का दौर है। महराजगंज जनपद में आज व कल दो दिन तापमान कम रहेगा जिसके उपरांत धूप की तल्खी एक बार फिर बढ़ेगी।
-अतुल कुमार सिंह, प्रभारी, आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र।